जबलपुर। गोहलपुर और हनुमानताल थाना क्षेत्र में आपसी बात पर विवाद हो गया। पुलिस ने मामला कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अजीजगंज पसियाना निवासी मो. ताज बाबू ने शिकायत दर्ज कराई कि रात लगभग 10 बजे उसकी बहन का दामाद रहीम खान उर्फ गोलू उसके घर आया। इसके बाद बातचीत होने लगी। पारिवारिक बातचीत के दौरान उसकी बहन हुसैना को घर के बाहर से गालीगलौज करने लगा। जब हुसैना घर के बाहर निकलकर उसे गाली देने से मना किया, तो हुसैना के साथ मारपीट करने लगा। उसका भाई ताजुल हुसैन और उसने बीच बचाव किया, तो रहीम उर्फ गोलू ने उसके भाई के साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ में चोट आई है। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराते हुए जांच शुरू कर दी है।

हनुमानताल थाना क्षेत्र में प्रेमसागर चौकी के पीछे निवासी संजय गुप्ता (47) की क्षेत्र में ही होटल है। 12 फरवरी की शाम लगभग 7 बजे वह अपनी होटल में सेव तल रहा था। तभी क्षेत्र का धर्मेन्द्र वंशकार अपने एक साथी के साथ आया और दोनों ने संजय से 10 रुपये के सेव देने के लिए कहा। उसने सेव के रुपये मांगे, तो धर्मेन्द्र और उसके साथी ने विवाद करना शुरू कर दिया। दोनों का विरोध किया, तो आरोपित धर्मेन्द्र के साथी ने संजय को दुकान में घुसकर पकड़ लिया और धर्मेन्द्र ने कढ़ाई का गर्म तेल उसके दोनों हाथ में डाल दिया। जिससे उसके दोनों हाथ झुलस गए। संजय की चीख सुनकर क्षेत्र के लोग पहुंचे, तो दोनों आरोपित धमकाते हुए भाग गए।

Source : Agency